Faridabad, 22 Dec : राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एन एच तीन फरीदाबाद में गणित विभाग, जूनियर रेडक्रॉस सैंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड और गाइडस ने मिलकर प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा के निर्देशानुसार राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों – महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन का जीवन परिचय, प्रश्नोत्तरी, ज़ूम एप द्वारा महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के जीवन की प्रमुख घटनाएं, खोज तथा पोस्टर व स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्राचार्य, रेडक्रॉस काउंसलर एवम् ब्रिगेड प्रभारी रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने बताया कि 22 दिसंबर को देश में राष्ट्रीय गणित दिवस मनाया जाता है। यह दिन देश के महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन को समर्पित है जिनका जन्म 22 दिसंबर 1887 को हुआ था। तमिलनाडु के इरोड में 1887 में जन्मे रामानुजन की गणित के साथ कोशिश की कहानी कला के विभिन्न कार्यों के माध्यम से पढ़ी, चित्रित और प्रदर्शित की गई सबसे आकर्षक कहानियों में से एक है। बहुत ही साधारण परिवार में जन्म लेने वाले रामानुजन ने वो कर दिखाया जो शायद ही कोई कर पाए। प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने कहा कि गणित के क्षेत्र की बात की जाए तो रामानुजन गौस, आर्किमिडीज और युलर से कम नहीं थे। उन्होंने किसी भी तरह की औपचारिक शिक्षा नहीं ली थी लेकिन ऐसी-ऐसी खोजें कीं कि बड़े-बड़े गणितज्ञ हैरान रह गए। रामानुजन ने बहुत कम उम्र में, एक स्पष्ट प्रतिभा के संकेत दिखाए और फ्रैक्शन, इनफाइनाइट सीरिज, नंबर थ्योरी, मैथमेटिकल एनालिसिस आदि के बारे में उनके योगदान ने गणित में एक उदाहरण स्थापित किया। इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों में मानवता के विकास के लिए गणित के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। देश की युवा पीढ़ी के बीच गणित सीखने के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को प्रेरित करने, उत्साहित करने और विकसित करने के लिए प्रयास किए जाते हैं। इस दिन गणित प्रेमियों और छात्रों द्वारा विभिन्न कार्यकलापों का आयोजन गणित शिक्षण को रुचिकर बनाने के लिए किया जाता है। प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने कहा कि गणित शिक्षण को सरल और सुगमता से छात्राओं को समझ में आए, ऐसा प्रयास किया है, उन्होंने कहा कि गणित शिक्षण अधिगम सहायक सामग्री गणित
शिक्षा को सरल, सुगम, आकर्षक, हृदयग्राही तथा बोधगम्य बनाती है। राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर आज प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा के मार्गनिर्देशन में गणित प्रवक्ताओं जसनीत कौर, शिवानी और आशा ने प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया जिस के तीन राउंड हुए और छात्राओं अंजू, तबिंदा, पूनम और अंजलि सब से अधिक सही उत्तर देने के लिए पुरस्कृत किया गया। इस से पूर्व में छात्राओं को प्राध्यापिका जसनीत कौर ने गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन पर आधारित लघु फिल्म और गणित पर आधारित विजुअल आर्ट्स पर वीडियो भी दिखाई। आज ही छात्राओं निशा, चंचल, हर्षिता, ताबिंदा, खुशी, जया और अंजलि ने भारत के महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन पर पोस्टर भी बनाए। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गणित में भारत की पहचान बनाने पर सभी भारतीय गर्वानवित है। इस अवसर पर प्राध्यापिका ललिता, संजय मिश्रा सहित अन्य अध्यापक भी उपस्थित थे।