खाद्य सुरक्षा के लिए बढ़ता ऊसर क्षेत्र बड़ा खतरा, साल 2030 तक डेढ़ करोड़ हेक्टेयर खेतों के ऊसर होने की आशंका
नई दिल्ली। देश में तेजी से बढ़ता ऊसर क्षेत्र खेती के साथ खाद्य सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा पैदा कर सकता है। खेती के खराब तौर-तरीकों से ऊसर का प्रसार तेजी से होने लगा है। कृषि वैज्ञानिकों की आशंका है कि हालात यही रहे तो वर्ष 2030 तक ऊसर क्षेत्र बढ़कर दोगुना हो जाएगा। मिट्टी संरक्षण के जरिये ऊसर को खेती योग्य भूमि में तब्दील किया जा सकता है। खेती वाली जमीन को बंजर होने से बचाने की भी सख्त जरूरत है। इसके लिए कृषि क्षेत्र में विविधीकरण की सख्त जरूरत महसूस की जा रही है। कृषि वैज्ञानिकों की सलाह को दरकिनार कर जलवायु आधारित खेती नहीं की गई तो यह खतरा और तेजी से बढ़ सकता है।
प्राकृतिक संसाधनों के विशेषज्ञ कृषि विज्ञानी डॉक्टर संजय अरोड़ा ने ऊसर भूमि सुधार के लिए एक ‘जिपकिट’ बनाया है, जो भूमि का परीक्षण कर उसमें जिप्सम की सही मात्रा की जांच कर सकता है। फिलहाल जिप्सम की मात्रा बताने वाली प्रक्रिया काफी जटिल और अधिक समय लेने वाली है। अधिकांश प्रयोगशालाओं में इसके परीक्षण की सुविधाओं का अभाव है। ऊसर सुधार के लिए जिपकिट के व्यावसायिक उत्पादन की जरूरत कर किसानों तक पहुंचाने की है।
डाक्टर अरोड़ा के मुताबिक देश में जगह-जगह जल जमाव से भी भूमि में लवणता बढ़ती जा रही है, जिससे जमीन बंजर हो रही है। इस पर अंकुश लगाने की तत्काल जरूरत है। ज्यादा सिंचाई वाली फसलों की लगातार खेती भी भूमि के लिए घातक हो सकती है। पंजाब और हरियाणा के खेतों में वर्षो से सिर्फ धान की खेती से वहां की जमीन को भारी नुकसान हो रहा है।