भोपाल। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में सोमवार को जहरीली शराब पीने से 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इन लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बीच मामले में सात लोगों के खिलाफ एआइआर दर्ज की गई है। वहीं एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुरैना के एसपी अनुराग सुजैनिया ने इसकी जानकारी दी है। इससे पहले मामले में कार्रवाई करते हुए एसएचओ को तत्काल निलंबित कर दिया गया और जांच के आदेश दे दिए गए।
मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। एक टीम मामले की जांच करेगी। मरने वालों में सात लोग मानपुर के पृथ्वी गांव के हैं। वहीं तीन लोग सुमावली के पावली गांव के हैं। दैनिक जागरण के सहयोगी प्रकाशन नईदुनिया के अनुसार दो लोगों की हालत ज्यादा खराब होने के कारण सोमवार रात को डॉक्टरों द्वारा ग्वालियर रेफर कर दिया गया था।
मुरैना के बीहड़ में कच्ची और जहरीली शराब का कारोबार बेखौफ चलता है। पिछले महीने ही नूराबाद पुलिस ने बीहड़ में कच्ची शराब की भट्टी पकड़ी थी। यह शराब मौटरसाइकिल से आसपास के गांवों में भेजी जाती थी। इससे पहले पिछले साल अक्टूबर में उज्जैन में जहरीली शराब पीने से 16 लोगों की मौत हो गई थी। इसके पूरे सूबे में इसे लेकर अभियान चलाया गया। इसके बाद यहां अवैध शराब की बिक्री हो रही थी। इस घटना से सबक लिया गया होता तो शायद इन लोगों की जान न जाती।