Infiltration Bid: पाक गोलीबारी के बीच अखनूर सेक्टर में आतंकी घुसपैठ का प्रयास, 3 आतंकवादी ढेर, 4 जवान घायल

जम्मू। जम्मू-कश्मीर में बदलते हालात से बौखलाए पाकिस्तान ने आतंकवादियों की भारतीय सीमा में घुसपैठ के प्रयास तेज कर दिए हैं। बीती रात अखनूर सेक्टर में नियंत्रण रेखा से सटे खौड़ इलाके से भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश कर रहे पांच आतंकवादियों में से सेना ने तीन को मार गिराया है। यही नहीं दो आतंकवादी बच निकलने में कामयाब रहे। वहीं आतंकवादियों की घुसपैठ कराने के लिए पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा की जा रही गोलीबारी में चार भारतीय जवान भी घायल हुए हैं। घायलों को सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आतंकवादियों की घुसपैठ कराने के लिए पाकिस्तानी सैनिकों ने देर रात अचानक से अखनूर-सुंदरबनी के बीच पड़ने वाले खौड़ सेक्टर में गोलीबारी शुरू कर दी। भारतीय जवान भी इस गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रहे थे। इसी बीच पांच आतंकवादी जवानों का ध्यान भटकाते हुए जब भारतीय सीमा में घुसपैठ करने लगे तभी सतर्क जवानों ने उन्हें देख लिया। सीमा की इस ओर आने वाले पांच आतंकवादियों को जवानों ने वहीं ढेर कर दिया। इससे पहले की जवान अन्य दो आतंकवादियों को मार गिराते। पाकिस्तानी जवानों ने आतंकवादियों पर फायरिंग कर रहे भारतीय जवानों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी शुरू कर दी।