नई दिल्ली। पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर भारत और चीन के बीच जारी तनाव में नरमी के संकेत मिल रहे हैं। इसके मद्देनजर आज दोनों देशों के कोर कमांडरों के बीच नौवां दौर की वार्ता हो रही है। बातचीत में कोर कमांडरों के साथ विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के भी शामिल होने की भी है। यह वार्ता एलएसी के पास भारतीय सीमा में पड़ने वाले चुशूल सेक्टर के सामने मोल्डो बॉर्डर प्वाइंट पर आयोजित हो रही है, जो चीन के नियंत्रण में है।
दोनों देशों के बीच मई 2020 से ही तनाव जारी है। इसके मद्देनजर सैन्य स्तर आठ दौर की वार्ता हो चुकी है। लगभग दो महीने बाद एक बार फिर वार्ता हो रही है। पिछली बार छह नवंबर, 2020 को चुशूल में ही आठवें दौर की वार्ता हुई थी। इसके बाद 18 दिसंबर, 2020 को विदेश मंत्रालय के स्तर वार्ता हुई। माना जा रहा है कि आज पिछली बैठक में एक-दूसरे से की गई मांगों के संदर्भ में उठाए गए कदमों की समीक्षा होगी।