घर से लापता हुई दो सहेलियों को पुलिस ने इटावा से किया सकुशल बरामद

फरीदाबाद, 12 फरवरी । पुलिस चौकी सेक्टर 46 की टीम ने घर से लापता दो लड़कियों को कड़ी मशक्कत के पश्चात इटावा से बरामद किया है। 9 फरवरी को लापता लड़कियों नेहा और ज्योति (बदला हुआ नाम) के परिजनों ने पुलिस चौकी आकर लड़कियों के लापता होने के बारे में सूचना दी। उन्होंने बताया कि 16 वर्षीय नेहा और 14 वर्षीय ज्योति सहेलियां हैं और दोनों घर से लापता है। उन्होंने अपने दोस्तों रिश्तेदारों हर जगह लड़कियों की तलाश की परंतु उन्हें उनकी कोई खबर नहीं मिली है। लडक़ी के परिजनों की शिकायत पर थाना सूरजकुंड में मुकदमा दर्ज करके लड़कियों की तलाश शुरू कर दी गई। लड़कियों की तलाश के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया जिसमें उप निरीक्षक मनोज कुमार, सहायक उप निरीक्षक महेश, सिपाही मनोज और महिला सिपाही दीपिका शामिल थी। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र में लड़कियों की तलाश करते हुए कई लोगों से पूछताछ की परंतु उनकी कोई जानकारी पुलिस टीम को नहीं मिली। काफी मशक्कत करने के पश्चात पुलिस टीम को सूचना मिली कि दोनों लड़कियां उत्तर प्रदेश के इटावा में किसी दोस्त से मिलने गई हुई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत इटावा के लिए रवाना हो गई और दोनों लड़कियों को सकुशल वहां से बरामद कर लिया।