हथिनीकुंड से लाए यमुना का पवित्र जल सिद्धदाता आश्रम में भेंट किया

फरीदाबाद। यमुना रक्षक दल के तत्वावधान में हथिनी कुण्ड से लाए गए पवित्र यमुना जल का फरीदाबाद के मंदिरों में वितरण करने की योजना के तहत फरीदाबाद के प्रसिद्ध मंदिर सिद्धदाता आश्रम में परम पूज्य स्वामी पुरूषोत्तमाचार्य जी महाराज को पवित्र यमुना जल भेंट किया गया। यमुना रक्षक दल के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. आर एन सिंह तथा यंग फोर इण्डिया के अध्यक्ष एडवोकेट राजेश खटाना ने संयुक्त रूप से महाराज पुरूषोत्तमाचार्य को पवित्र यमुना जल सादर भेंट किए। परम पूज्य स्वामी पुरूषोत्तमाचार्य जी महाराज ने यमुना रक्षक दल के इस पुनीत कार्य की प्रशंसा करते हुए यमुना जी के अविरलता एवं निर्मलता की शुभकामना व्यक्त किए। गौरतलब है कि यमुना रक्षक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष परम संत जय कृष्ण दास जी महाराज, राष्ट्रीय संरक्षक स्वामी कौशल किशोर जी महाराज तथा राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. आर एन सिंह हथिनी कुण्ड जाकर हरियाणा सरकार के निवर्तमान पर्यावरण मंत्री श्री विपुल गोयल जी के सौजन्य से 10,000 दस हजार लीटर पवित्र यमुना जल लेकर आए हैं। पिछले एक दशक से यमुना रक्षक दल यमुना जी के अविरलता एवं निर्मलता के लिए सतत् प्रयत्नशील है। विभिन्न प्रयासों के बावजूद कुम्भ के पवित्र अवसर पर भी यमुना जी को अविरल और निर्मल नहीं किया जा सका। ऐसी स्थिति में यमुना रक्षक दल दल ने हरियाणा सरकार के निवर्तमान पर्यावरण मंत्री विपुल गोयल जी के सौजन्य से वृन्दावन कुम्भ मेले में आए विभिन्न संतों तथा मंदिरों के लिए हथिनी कुण्ड से 10,000 लीटर पवित्र यमुना जल की व्यवस्था किया है। इसी कड़ी में श्री वैदिक धर्मसभा समिति (पंजी.) द्वारा संचालित, सेक्टर 30 स्थित शिव मंदिर के प्रधान भगत सिंह विकल, उप प्रधान बिनय प्रताप सिंह तथा मंदिर के पुजारी पंडित संजीव कुमार जी को यमुना रक्षक दल के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. आर एन सिंह ने पवित्र यमुना जल भेंट किया। इस अवसर पर श्री वैदिक धर्मसभा समिति के प्रतिनिधि रमेश वाधवा, अनिल माहेश्वरी, प्रह्लाद राम, ओ पी बेरीवाल, जे वी जैन आदि उपस्थित हुए। यमुना रक्षक दल के इस मिशन के तहत फरीदाबाद के प्रसिद्ध मंदिरों में जहां भगवान श्री राधे-कृष्ण की पूजा अर्चना की जाती है हथिनी कुण्ड से लाया गया पवित्र यमुना जल भेंट किया जाएगा।